दक्षिण अफ्रीका के स्टार क्रिकेटर ट्रिस्टन स्टब्स ने आगरा पहुंचकर ताजमहल की खूबसूरती और मुगलकालीन वास्तुकला का दीदार किया। स्मारक में मौजूद क्रिकेट प्रशंसकों ने उनके साथ जमकर सेल्फी ली, जबकि स्टब्स ने ताज की पच्चीकारी और इतिहास को लेकर खास दिलचस्पी दिखाई।
दुनिया के सात अजूबों में शुमार ताजमहल की खूबसूरती का लुत्फ उठाने के लिए बृहस्पतिवार को दक्षिण अफ्रीका के स्टार क्रिकेटर ट्रिस्टन स्टब्स आगरा पहुंचे। स्टब्स ने स्मारक की सुंदरता और मुगलकालीन वास्तुकला को देख बोले वाह ताज।
विज्ञापन
स्मारक में प्रवेश करते ही वहां मौजूद क्रिकेट प्रेमियों ने उन्हें पहचान लिया और उनके साथ सेल्फी लेने की होड़ मच गई। स्टब्स ने भी मुस्कुराते हुए प्रशंसकों को निराश नहीं किया और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं। भ्रमण के दौरान स्टब्स ताज के इतिहास और इसकी नक्काशी को लेकर काफी उत्सुक नजर आए।
उन्होंने साथ चल रहे गाइड से ताजमहल की पच्चीकारी, इसके गौरवशाली इतिहास और वर्तमान में इसके रखरखाव की बारीकियों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। मुख्य गुंबद के पास पच्चीकारी के काम को देखकर उन्होंने भारतीय शिल्पकारों के हुनर की सराहना की। डायना बेंच पर फोटो खिंचवाने के बाद उन्होंने इसे अपने जीवन का यादगार अनुभव बताया।