गोवर्धन में मुड़िया पूर्णिमा मेला के दौरान गिरिराज परिक्रमा करते वक्त श्रीराधा-कृष्ण के भजनों का भी आनंद लीजिए। इतना ही नहीं, गिरिराज जी के भक्त जगह-जगह परिक्रमा में एलईडी पर भी भक्तिरस का आनंद ले सकेंगे। यह फैसला उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद और उज्ज्वल ब्रज की संयुक्त बैठक में हुआ है।
आन्यौर परिक्रमा स्थित ब्रज वसुंधरा में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद और उज्ज्वल ब्रज की संयुक्त बैठक में गुरुवार शाम को आगामी मुड़िया मेला की व्यवस्थाओं को लेकर बैठक हुई। इसमें देश भर से आने वाले करीब 80 लाख श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने पर विचार किया गया।
तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्रा ने वृंदावन में बने पर्यटक सुविधा केंद्र पर आधुनिक सुविधाएं देने पर विचार विमर्श किया। मुड़िया पूर्णिमा मेला में उज्ज्वल ब्रज की ओर से सफाई को लेकर तय कार्य योजना में समन्वय बनाकर काम करने की बात कही।
बैठक में फैसला लिया गया कि साउंड सिस्टम और एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। एलईडी स्क्रीन पर मेला संबंध जानकारी दी जाएगी। गिरिराज जी की परिक्रमा में लगे साउंड सिस्टम से भगवान श्रीकृष्ण और गिरिराज जी की लीलाओं का गुणगान भक्त सुन सकेंगे।
परिक्रमा मार्ग पर बाउंड्रीवाल और जाली के निर्माण पर तुरंत रोक लगाने को कहा गया है। परिक्रमा मार्ग से निर्माण सामग्री को भी हटाने के लिए ठेकेदार को निर्देश दिए गए हैं।