सोरोंजी। तीन दिन से तीर्थनगरी की विद्युत व्यवस्था प्रभावित है। 20 घंटे मिलने वाली आपूर्ति अब घटकर 12 घंटे की रह गई है। यह आपूर्ति विद्युत उपकेंद्र की केबल खराब होने के कारण प्रभावित है। आपूर्ति कम मिलने से उपभोक्ताओं में रोष है।
तीन दिन बाद भी यह डेमेज केबल विद्युत विभाग द्वारा बदली नहीं गई है, जिससे तीर्थनगरी की बिजली आपूर्ति बाधित बनी हुई है। तीन दिन से तीर्थनगरी में बिजली आपूर्ति होडलपुर ग्रामीण विद्युत उपकेंद्र से दी जा रही है। परिणाम स्वरूप दिन एवं रात में 12 घंटों की कटौती की जा रही है। दिन छिपते ही बिजली गायब रहने से दुकानदारों को परेशानी हो रही है। सुबह ही बिजली कटौती होने से तीर्थनगरी आने वाले श्रद्धालु परेशान होते हैं। वहीं, विद्यार्थी व ऑफिस जाने वाले लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। पालिका की पेयजल आपूर्ति भी समयबद्ध तरीके से तीन दिन से नहीं हो पा रही है, जिससे विद्युत उपभोक्ताओं में रोष बना हुआ गया। दिलीप दीक्षित, अभय सक्सेना, मनीष पंडा, भोला महेरे, अभिषेक शर्मा, शैलेश मित्तल, सुनील माहेश्वरी आदि ने शीघ्र बिजली आपूर्ति में सुधार की मांग की है। जेई प्रवेश कुमार का कहना है कि शीघ्र ही केबिल दुरुस्त करके आपूर्ति सुचारु की जाएगी।