आगरा में क्षेत्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी केंद्र आगरा की ओर से राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर बृहस्पतिवार को एमडी जैन इंटर कॉलेज में मंडलस्तरीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यहां आगरा, मथुरा, मैनपुरी, फिरोजाबाद के 9वीं, 11वीं कक्षा के 120 प्रतिभागियों ने मॉडल प्रस्तुत किए हैं।
विज्ञापन
मथुरा की 11वीं कक्षा की स्नेहा ने ऑटोमेटिक वाटरिंग सिस्टम नाम का मॉडल बनाया है। इसके सेंसर की खासियत यह कि इस अगर आप घर नहीं भी हैं तब भी सेंसर अपने अनुसार आपके गार्डन में पेड़-पौधों को पानी दे देगा। वहीं मैनपुरी से आए 11वीं के छात्र मोहम्मद सहीम ने मात्र 250 रुपये में एक ऐसा ऑलर्म बनाया, जिसे खेतों में लगाने पर लावारिस पशु फसल को बर्बाद नहीं कर पाएंगे।
बृहस्पतिवार को हरीपर्वत स्थित एमडी जैन इंटर कॉलेज में कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. देवेंद्र शाह, डॉ. विवेक सुदर्शन, प्रधानाचार्य जीएल जैन, डॉ. निखिल जैन ने संयुक्त रूप से किया। निर्णायक मंडल में प्रो. केपी तिवारी, प्रो. आरके श्रीवास्तव, सुरभि पांडे, डॉ. अरुण सिकरवार शामिल रहे। कार्यक्रम में रीनेश मित्तल, डॉ. प्रिया मिश्रा, अश्वनी कुमार जैन आदि उपस्थित रहे।
मैनपुरी से आए 11वीं के छात्र मोहम्मद सहीम ने बताया कि 'मेरे पिताजी किसान हैं। लावारिस पशुओं से फसल बचाने के लिए उन्हें पूरी रात खेतों में गुजरनी पड़ती थी। सोशल मीडिया साइट से 250 रुपये के एक ट्रांसमीटर के बारे में पता चला। खेतों के चारों तरफ मोटी रस्सी से बैरिकेडिंग कर इस ट्रांसमीटर को लगाया। जब भी कोई पशु इस रस्सी से टच होगा अलार्म बजेगा और जानवर भी डर का भाग जाएगा।'
ऐप और हार्डवेयर से बनाया मॉडल
वृंदावन के हनुमान प्रसाद धानुका सरस्वती बालिका विद्या मंदिर की 11वीं की छात्रा स्नेहा सोलंकी ने बताया कि 'मुमुझे पेड़ पौधों से बहुत ज्यादा लगाव है, लेकिन कई बार हम जब भी बाहर जाते थे तो पौधों का ख्याल नहीं रख पाते थे। मुझे कोडिंग आती थी। आरड्यूनो ऐप व हार्डवेयर की सहायता से कोडिंग कर सेंसर बनाया। सेंसर सिर्फ पाइप से उसी पौधे को पानी देगा, जिसे पानी की जरूरत होगी।'
प्रदर्शनी में आयोजित प्रतियोगिता में मथुरा के आरूष आर्य प्रथम, मैनपुरी के तनिष्क तेज द्वितीय, आगरा के आयुष तोमर तीसरे स्थान पर रहे।इसके अलावा छह अन्य मॉडल भी राज्यस्तर के लिए चयनित हुए। इसमें आगरा की बुलबुल, फिरोजाबाद की शिवानी चौहान और अक्षिता जैन, मैनपुरी के अनिकेत कुमार, मथुरा की स्नेहा सोलंकी और केशव अग्रवाल मथुरा, दयालबाग टेक्निकल कॉलेज आगरा के सूर्यांश रहे।