आगरा के थाना ताजगंज में एक महिला ने अपने रिश्ते के दामाद के खिलाफ दुष्कर्म की कोशिश करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। एक अन्य मामले में छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
पीड़ित 50 वर्षीय महिला हाथरस की रहने वाली हैं। वह सामाजिक कार्यकर्ता भी है। दर्ज कराए मुकदमे के मुताबिक, 14 अक्तूबर को वो आगरा दवा लेने आई थीं। उनकी बहन ताजगंज क्षेत्र में रहती है। उन्होंने फोन पर बहन से बात की।
बहन बेटी के साथ कोलकाता गई थी। उन्होंने घर जाकर रुकने के लिए बोल दिया। घर पर बेटी का पति मौजूद था। बहन के कहने पर वह उनके घर चली गई। दामाद को खाना खिलाने के बाद कमरे में सो गई।
20 दिन बाद दी तहरीर
आरोप है कि रात तकरीबन 3:30 बजे दामाद कमरे में आया और दुष्कर्म की कोशिश की। पीड़िता ने तहरीर दी। रविवार को मुकदमा दर्ज कर लिया गया। थाना ताजगंज के प्रभारी निरीक्षक ओमहरि बाजपेयी ने बताया कि 20 दिन बाद तहरीर दी गई है। साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
दूसरी ओर ताजगंज क्षेत्र की महिला का आरोप है कि पांच नवंबर को पड़ोसी युवक ने छेड़छाड़ की। विरोध पर जान से मारने की धमकी देने लगा। क्षेत्र के लोगों के आने पर वो बच सकी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया।