मैनपुरी। शहर में कई स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हैं। कहीं सड़क के बीच में गड्ढा है तो कहीं फुटपाथ टूट गए हैं। इससे राहगीरों को परेशानी होती है और रात के समय हादसे का डर सताता है। सड़क और फुटपाथ मरम्मत की जिम्मेदारी नगर पालिका की है, लेकिन क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। हररोज नगर पालिका के अधिकारी इन इलाकों से गुजरते हैं पर सड़कों की स्थिति सुधारने की ओर उनका कोई ध्यान नहीं है। लोगों का कहना है कि कई बार नगर पालिका में लिखित शिकायत की, लेकिन मरम्मत कार्य आज तक नहीं हुआ।
स्थान-सौ शैया अस्पताल के पास
डीएवी इंटर कॉलेज के पास मोहल्ला देवपुरा को जाने वाली सड़क की पटरी पूरी तरह से उखड़ चुकी है। यहां दिन ही नहीं रात में भी एंबुलेंस के साथ अन्य वाहनों का आना-जाना रहता है। कई बार नगर पालिका प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। किसी भी दिन यहां बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थान-आवास विकास कालोनी
शहर की प्रमुख आवास विकास कॉलोनी में भी सड़कें बदहाल हैं। कालोनी में कई स्थानों पर सड़क के किनारे गड्ढे हैं जो दुर्घटनाओं को आमंत्रण दे रहे हैं। लोगों ने इसकी शिकायत नगर पालिका से की, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। समय रहते समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया तो बड़ी घटना हो सकती है।
स्थान-मोहल्ला छपट्टी
मोहल्ला छपट्टी में पानी के रिसाव के कारण सड़क में बड़ा गड्ढा हो गया है। पूर्व में लोगों ने इसकी शिकायत नगर पालिका से की, लेकिन इसके बाद भी कोई ध्यान नहीं दिया गया। यहां कई बार साइकिल सवार गड्ढे में गिरकर हादसे का शिकार हो चुके हैं। फिर भी नगर पालिका कोई ध्यान नहीं दे रही है।
सौ शैया अस्पताल के पास सड़क की पटरी करीब 10 मीटर पूरी तरह से टूट चुकी है। कई बार इसकी शिकायत नगर पालिका में की गई, लेकिन पालिका प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
आकाश, कचहरी रोड
आवास विकास कहने के लिए वीआईपी कॉलोनी है। यहां सड़कों पर कई स्थानों पर गड्ढे हैं। रात के समय लोग इन गड्ढों में गिरकर घायल हो रहे हैं। पालिका को इस ओर ध्यान देना चाहिए।
सौरभ यादव, आवास विकास
मोहल्ले में पानी के रिसाव के कारण सड़क पर गड्ढा हो गया है। पूर्व में लोगों ने यहां मिट्टी भी डाली थी, लेकिन इसके बाद भी गड्ढा हो गया है। नगर पालिका इस ओर ध्यान नहीं दे रही है।
संजीव कुमार, छपट्टी
नगर पालिका क्षेत्र में कई स्थानों पर गड्ढे हैं। जो लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। नगर पालिका को इन गड्ढों को शीघ्र बंद कराना चाहिए।
नंद किशोर, राधारमन रोड
शहर में हाल ही में पटरियों की मरम्मत कराई गई थी। यदि कहीं पटरी खराब है या गड्ढा है तो उसे शीघ्र बंद कराया जाएगा।
लालचंद भारती, ईओ नगर पालिका