पुलिस भर्ती परीक्षा में रविवार को दो साल्वर पकड़ लिए गए। इनमें टेढ़ी बगिया स्थित जगदंबा इंटर कॉलेज में परीक्षा से पहले चेकिंग में एक सॉल्वर दीपेश तो श्री भवानी सिंह इंटर कालेज में परीक्षा देते समय सॉल्वर विष्णु शर्मा पकड़ा गया। दीपेश फिरोजाबाद और विष्णु मथुरा के परीक्षार्थी के स्थान पर परीक्षा देने आया था। पुलिस ने एक युवती सहित तीन और लोगों को भी हिरासत में लिया है। इनमें एक कोचिंग संचालक और दूसरा शिक्षक है, उनसे पूछताछ की जा रही है।
थाना एत्माद्दौला के जगदंबा इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। रविवार को सुबह की पाली में परीक्षा शुरू होने वाली थी। आधा घंटा पहले फिरोजाबाद के थाना टूंडला स्थित गांव टीकरी के अभ्यर्थी कमल किशोर का प्रवेश पत्र और आधार कार्ड लेकर एक युवक केंद्र पर पहुंचा। आधार कार्ड और प्रवेश पत्र पर लगे फोटो से उसके चेहरे का मिलान नहीं होने पर पुलिस कर्मियों ने पकड़ लिया। उससे गांव का नाम और पते के बारे में पूछताछ की गई। कई और सवाल किए गए। इस पर वो उलझ गया। इस पर उसे थाना एत्माद्दौला ले आए। सख्ती से पूछताछ पर उसने सॉल्वर होने के बारे में सच उगल दिया।
एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि आरोपी ने अपना नाम दीपेश उर्फ सूरज निवासी नगला चूरा, थाना इगलास अलीगढ़ बताया। कहा कि उसे अशोक नाम के ठेकेदार ने कमल किशोर की जगह परीक्षा देने के लिए कहा था। इसके बदले में उसे आठ हजार रुपये मिलने वाले थे, लालच में फंस गया। आरोपी के खिलाफ परीक्षा अधिनियम, धोखाधड़ी सहित अन्य धारा में मुकदमा दर्ज किया है। इनमें दीपेश, कमल किशोर और अशोक को नामजद किया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।