बेवर। कस्बा निवासी युवती ने थाने में तैनात दो सिपाहियों पर कागज पर मोबाइल नंबर लिखकर देने का आरोप लगाया है। बुधवार शाम को शिकायत के बाद युवती के भाई और सिपाहियों के बीच विवाद हो गया। मामले में वीडियो वायरल होने के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। एएसपी ने मामले में जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
थाने में तैनात दो सिपाही बुधवार दोपहर किसी काम से गंगरवाला जा रहे थे। रास्ते में उन्हें बझेरा भट्ठे के पास एक युवती अपने चचेरे भाई के साथ जाती हुई मिली। आरोप है कि दोनों सिपाहियों ने एक कागज पर मोबाइल नंबर युवती को दिया। उस पर्चे को युवती ने नहीं लिया। इसके बाद युवती के भाई और सिपाहियों के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गई। वहां मौजूद एक युवक ने मारपीट का वीडियो बना लिया। मारपीट की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवती के चचेरे भाई व उसके साथी को पकड़कर थाने ले आई। कुछ देर बाद युवती के परिजन थाने पहुंच गए और सिपाहियों पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
मामला बढ़ता देख थानाध्यक्ष ने मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। थानाध्यक्ष सुरेशचंद्र शर्मा ने बताया कि एएसपी मधुवन कुमार ने पूरे मामले में निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। समाचार लिखे जाने क दोनों युवक पुलिस की हिरासत में थे।