आगरा की युवती को बरेली में दो बार बेच दिया गया। आंवला पुलिस ने युवती को बरामद कर दो लोगों को पकड़ लिया। सोमवार को आगरा आकर युवती के घरवालों को घटना की जानकारी दी गई।
बरेली के अलीगंज के बिहारीपुर गांव की रामदेई ने रविवार को थाना आंवला पुलिस से शिकायत की थी कि उसका भांजा अशोक निवासी बल्लिया एक युवती के साथ उनके घर आया था। वह युवती को पत्नी बता रहा था। इसी बीच आनंदपुर गांव का सोहनपाल युवती को जबरन ले गया और उसे अपने घर में बंधक बना लिया। पुलिस ने युवती को बरामद कर आरोपी सोहनपाल को पकड़ लिया और उसे कोतवाली ले आई। अशोक को भी बुलाया। युवती ने बताया कि वह आगरा के सैमरी का ताल की निवासी है। दो महीने पहले मुरादाबाद आई थी। रेलवे स्टेशन पर भटकने पर दो युवक उसे आगरा पहुंचाने की बात कहकर बरेली ले आए। अशोक ने बताया कि सीबीगंज रेलवे स्टेशन के पास किराये पर रहने वाले दो युवकों ने तीस हजार रुपये में युवती को उसके हवाले किया था। उधर, सोहनपाल का कहना था कि अशोक ने दस हजार रुपये में उसके हवाले किया है। सोमवार को आगरा आई कोतवाली पुलिस ने थाना ताजगंज और सदर पुलिस की मदद से युवती के पिता को खोज लिया। पुलिस ने बताया कि घरवाले युवती को मंदबुद्धि बता रहे हैं। पिता को आंवला ले जाए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं।