एसएन मेडिकल कालेज में संसाधनों की कमी के कारण एमबीबीएस की 150 में से 22 सीटों पर तलवार लटकी है। अगर एक माह में कमियों को पूरा नहीं किया, तो अगले सत्र में 128 सीटों पर ही प्रवेश दिया जाएगा। यह चेतावनी गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग दिल्ली मेें एमसीआई की मान्यता को लेकर हुई बैठक में एसएन प्राचार्य को दिया गया है।
गौरतलब है कि एसएन मेडिकल कालेज लंबे अरसे से डाक्टर, नर्सिंग स्टाफ, सीनियर रेजीडेंट व हॉस्टल आदि की कमी से जूझ रहा है। वर्तमान में कालेज के पास एमबीबीएस की 150 सीटें हैं। मगर, संसाधन सिर्फ 128 सीटों के ही हैं। इसे लेकर पिछले दिनों एमसीआई की टीम ने कालेज का निरीक्षण कर कमियों को दूर करने की हिदायत दी थी। वरना 22 सीटें कम की जा सकती हैं।
गुरुवार को दिल्ली में एमएसीआई की मान्यता को लेकर बैठक भी हुई। इसमें कालेज प्रिंसिपल डा. अजय अग्रवाल शामिल हुए। प्राचार्य से एक माह में कमियों को दूर कर 150 सीट के हिसाब से संसाधन जुटाने को कहा है। ऐसा नहीं हुआ तो सत्र 2015-16 में सीटें घटकर 128 ही रह जाएंगी।