बासौनी के गांव उदयपुर खालसा में मंगलवार रात वृद्ध किसान की हत्या कर दी गई। मुकदमा गांव के तीन लोगों के खिलाफ दर्ज कराया गया है, लेकिन मृतक की पत्नी मौत पुलिस हिरासत में होने का आरोप लगा रही है। हालांकि, पुलिस ने इससे इनकार किया है।
उदयपुर खालसा निवासी तेज सिंह (70) मंगलवार रात घर में ही बने पशुओं के बाडे़ के पास बने शेड में सो रहे थे। भतीजा सियाराम त्यागी व दो अन्य भी वहीं सोये थे। आरोप है कि गांव के देवेंद्र, धर्मेंद्र और अरविंद ने रात 11 बजे उनपर हमला बोला। उन्होंने तेज सिंह को बाहर खींच लिया। लात-घूंसों से पीटा। मौत हो जाने पर शव पुलिया पर फेंक गए। हमलावरों और उनके परिवार में पुरानी रंजिश है। सियाराम की तहरीर पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
उधर, मृतक की पत्नी जयश्री का आरोप है कि धोखाधड़ी के मुकदमे में फतेहाबाद और बासौनी थाना पुलिस रात में दबिश देकर पति को ले गई थी। बाद में पुलिया पर मृत पड़ा छोड़ गई। एसओ बासौनी सोहम सिंह ने बताया कि तेज सिंह की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का आरोप है। शव पर चोटों के निशान न होने से डाक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। आरोपियों का भी कहना है कि तेज सिंह को पुलिस ले गई थी, हमें फंसाया जा रहा है।
पुलिस बोली, दबिश दी पर तेज के घर नहीं
बाह। एसओ फतेहाबाद का कहना है कि धोखाधड़ी के छह साल पुराने मामले के आरोपी महेश को पकड़ा गया है। तेज सिंह के घर दबिश नहीं दी गई थी। बता दें, फतेहाबाद थाने में दर्ज इस मामले में गांव के अजय, पंकज, तेज सिंह भी आरोपी हैं। यह रिपोर्ट धर्मेंद्र पक्ष ने लिखाई थी। इन पर 2009 में गांव के करुआ की जमानत में फर्जी कागजात लगाने का आरोप है। ऐसे में तेज सिंह की पत्नी का आरोप निराधार नहीं लगता है। गौरतलब है, इसी मामले से जुड़ी फाइलें फतेहाबाद मुंसिफ कोर्ट से गायब होने के मामले में कुछ बाबुओं के साथ ही तेज सिंह (मृतक) का बेटा राजेश भी जेल में बंद है।