नए साल में मरीजों को एसएन मेडिकल कॉलेज में और अधिक व स्तरीय सुविधाएं मिलेंगी। 200 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा सुपर स्पेशियलिटी विंग में मार्च 2023 से इलाज शुरू कर दिए जाने की योजना है। काम तेजी से चल रहा है। सुपर स्पेशियलिटी विंग में मरीजों को एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी व बाईपास सर्जरी की सुविधा मिलेगी। सुपर स्पेशियलिटी विंग में 200 बेड की व्यवस्था होगी। मस्तिष्क, हृदय, गुर्दा, मूत्र रोग और पेट की बीमारियों का इलाज होगा। परामर्श व दवा दिए जाने के साथ ऑपरेशन भी किया जाएगा। अंदर ही मरीजों को सीटी स्कैन की भी सुविधा मिलेगी। मशीनें आ चुकी हैं। मेडिकल कॉलेज में वर्ष 2023 में और भी कई काम होने हैं। इस पर पेश है हितेश सिंह की रिपोर्ट ।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि वर्ष 2023 में टेली मेडिसिन की सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। मरीज को अस्पताल पहुंचने बिना भी परामर्श मिल सकेगा। हेल्थ वेलनेस सेंटर की सेवाओं को और बेहतर किया जाएगा। डायग्नोस्टिक सेवाओं को अच्छा किया जाएगा। तमाम जांचें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर ही हो सकेंगी।
प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा कि एसएन मेडिकल कॉलेज का 2023 में कायाकल्प हो जाएगा। इमरजेंसी से लेकर सभी विभागों में काम होंगे। लेडी लॉयल विस्तारीकरण योजना के प्रथम चरण शुरू होने की संभावना है। सेवाओं को बेहतर बनाया जाएगा। नए साल में 230 पैरामेडिकल स्टाफ मिल जाएगा, इससे चिकित्सीय सेवाएं और बेहतर हो जाएंगी।