देश के सबसे पुराने मेडिकल कालेजों में एक आगरा के एसएन मेडिकल कालेज ने अपनी संबद्धता आगरा विश्वविद्यालय से हटाने निर्णय लिया है। शासन की अनुमति मिलती है तो उत्तर प्रदेश का यह पहला मेडिकल कालेज जल्द ही लखनऊ की किंग जॉर्ज मेडिकल यूनीवर्सिटी से संबद्ध हो जाएगा। कालेज काउंसिल ने तो इस पर मुहर भी लगा दी है।
बता दें कि मंगलवार को हुई कालेज काउंसिल सदस्यों की मीटिंग में किंग जार्ज मेडिकल यूनीवर्सिटी (केजीएमयू) से संबद्धता पर निर्णय लिया गया। काउंसिल के सदस्यों ने एकसुर में इसका समर्थन किया। जल्द ही प्रस्ताव तैयार कर चिकित्सा महानिदेशक को भेजा जाएगा।
फिलहाल एसएन मेडिकल कालेज अभी आगरा के डा. बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय (आगरा विश्वविद्यालय) से संबद्ध है लेकिन आगरा विश्वविद्यालय बीते कई सत्रों से मेडिकल छात्रों की परीक्षाएं समय पर नहीं करा पा रहा। पासआउट छात्रों की मार्कशीट-डिग्री भी महीनों बाद पहुंचती। इससे छात्रों का करियर प्रभावित हो रहा था।
कालेज प्रशासन के कई बार आग्रह के बाद भी विवि की कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ। ऐसे में बीते साल कालेज काउंसिल ने इस विश्वविद्यालय से संबद्धता समाप्त कर केजीएमयू से संबद्ध करने पर विचार किया। एसएन की प्राचार्य डा. सरोज सिंह ने बताया कि शासन के निर्देश भी हैं कि सभी राजकीय मेडिकल केजीएमयू से संबद्ध होंगे। ऐसे में मीटिंग कर प्रस्ताव तैयार कर लिया है। जल्द ही इसे शासन को भेजा जाएगा।