आईपीएल की उप विजेता टीम राइजिंग पुणे सुपर जाइंट्स के सदस्य रहे आगरा के क्रिकेटर राहुल चाहर बेहद उत्साहित हैं। राहुल कहना है कि उन्हें आईपीएल में भले ही खेलने का मौका कम मिला पर उन्होंने सीखा बहुत। उनकी नजर अब वर्ष 2018 के शुरूआत में होने वाले अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्डकप पर है।
राहुल चाहर सोमवार को आगरा पहुंचे। जीडी गोयंका स्कूल के नवनिर्मित मैदान पर चल रहे मास्टर्स कप क्रिकेट टूर्नामेंट में इस क्रिकेटर ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस दौरान उन्होंने साथी खिलाड़ियों के साथ अपने पहले आईपीएल के अनुभव भी साझा किए।
अमर उजाला से बातचीत में युवा क्रिकेटर ने बताया कि यह आईपीएल उनके लिए खेलने से ज्यादा सीखने के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा। खासतौर पर इमरान ताहिर से बहुत सिखाया। यह सीख 12 जनवरी से चार फरवरी तक न्यूजीलैंड में होने वाले अंडर-19 विश्वकप में काम आएगा।
आईपीएल के डेव्यू मैच में आठ अप्रैल को राहुल चाहर ने किंग्स इलेवन पंजाब के सलामी बल्लेबाज हाशिम अमला का विकेट झटका। उन्होंने बताया कि पहले वह सोचते थे कि इन चोटी के बल्लेबाजों को कैसे गेंद डालेंगे। अमला का विकेट पाने के बाद बेहद खुशी मिली।