लंबे समय से क्लास बंक करने वाले एमबीबीएस छात्रों के घर नोटिस भेजा जाएगा। एसएन मेडिकल कालेज टीचर्स एसोसिएशन की बैठक में इसका निर्णय किया गया है। एसोसिएशन ऐसे छात्रों की सूची प्राचार्य को भी देगा।
कॉलेज परिसर में बुधवार को हुई बैठक में एसोसिएशन के सदस्यों ने हास्टल, वार्ड और ओपीडी में गंदगी पर भी सवाल उठाया। साथ ही सामाजिक संस्था द्वारा चिकित्सकों की निष्ठा पर सवाल उठाने पर कड़ा एतराज जताया गया। सचिव डा. नीरज यादव ने बताया कि यह प्राइमरी हेल्थ सेंटर नहीं है, यहां गंभीर मरीज भी आते हैं। प्रत्येक दवा उपलब्ध कराना संभव नहीं। बैठक में डा. सरोज सिंह, डा. धर्मेंद्र कुमार, डा. एसके कौशल, डा. मृदुल चतुर्वेदी, डा. समरेंद्र, डा. राजेंद्र यादव, डा. संतोष कुमार, डा. रेनू अग्रवाल मौजूद रहीं।
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भिड़े
आगरा। एसएन मेडिकल कालेज के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी दो गुट में बंट गए हैं। अध्यक्ष पद को लेकर शुरू हुआ घमासान अभी भी जारी है। बुधवार को एक गुट के सदस्यों ने प्राचार्य कार्यालय पर नारेबाजी की। यह देख दूसरा पक्ष भी आ गया और उसने भी प्रदर्शन शुरू कर दिया। दोनाें पक्षाें में तकरार हुई। नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। आला अधिकारियों ने दोनाें पक्षाें को शांत कराया।