एएसपी मधुवन कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के पिता ने रुपये के लेनदेन के विवाद में अभिषेक के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। एएसपी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जल्द उसे गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा करेगी।
मौके पर मिला आरोपी का फोटो
मृतक बालक के पिता के अनुसार आरोपी ने दो दिन पूर्व हुए झगड़े के बाद उसे देख लेने की धमकी दी थी। मौके पर पुलिस को आरोपी का एक फोटो भी मिला है, जिसके बाद से ही पुलिस हत्यारोपी की तलाश व खुलासे को लेकर संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।
गढ़िया खजुरारा का रहने वाले असमुद्दीन का गांव के ही अभिषेक से 22 फरवरी को मजदूरी के रुपये को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद अभिषेक ने उसे देख लेने की धमकी दी थी। पुलिस जब मौके पर जांच करने पहुंची तो देखा कि शव के पास आरोपी अभिषेक का एक फोटो भी पड़ा मिला। प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह का कहना है कि आरोपी के पकड़े जाने के साथ ही हत्याकांड की सही वजह का खुलासा हो सकेगा।
खेत में ही की गई शहनवाज की हत्या
पुलिस ने मौका मुआयना किया तो सरसों के खेत में बीचोंबीच एक हिस्से की फसल बिछी हुई मिली। बालक का चेहरा जमीन की ओर था, वहीं मौके पर संघर्ष के निशान भी नजर आ रहे थे। लग रहा था कि हत्या खेत में ही की गई है। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक की टीम ने भी घटनास्थल से जांच के लिए नमूने एकत्र किए। वहीं डॉग स्क्वाएड की टीम ने भी सुरागकशी की। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी बातचीत कर जानकारी जुटाई है।
पुलिस को भ्रमित तो नहीं कर रहा कोई
मृतक शहनवाज के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अभिषेक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश भी की जा रही है, लेकिन इन सब के बीच घटनास्थल पर आरोपी अभिषेक का फोटो मिलना, इस घटना पर संदेह भी उत्पन्न कर रहा है।
हत्या करने वाला शख्स इतना बड़ा सबूत आखिर मौके पर कैसे छोड़ सकता है। कहीं ऐसा तो नहीं कि किसी के द्वारा पुलिस का ध्यान भटकाने के लिए घटनास्थल पर आरोपी का फोटो डाला गया हो। बहरहाल पुलिस का अभी आरोपी की तलाश में जुटी है, उसके पकड़े जाने के बाद हत्याकांड की सच्चाई सामने आ सकेगी।