आगरा। अगस्त में आगरा भारतीय खेल जगत के एक ऐतिहासिक आयोजन का गवाह बनने जा रहा है। पहली बार देश में आईपीएल की तर्ज पर दिव्यांग क्रिकेटरों की प्रीमियर लीग का आयोजन होगा। 4 से 9 अगस्त तक जेबी ग्राउंड पर छह टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी। प्रत्येक टीम में दो विदेशी खिलाड़ियों की मौजूदगी इस लीग को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप देगी। आयोजकों का कहना है कि यह देश में अपनी तरह की पहली दिव्यांग क्रिकेट लीग होगी, जिसका उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को भी पेशेवर क्रिकेट जैसा मंच और पहचान दिलाना है।
लीग का उद्घाटन 3 अगस्त को जेबी ग्राउंड पर होगा। मुख्य अतिथि असीम खेत्रपाल होंगे। इसके बाद 4 अगस्त से मुकाबले होंगे। आयोजन समिति के सदस्य हारून रशीद ने बताया कि प्रतियोगिता में देशभर के उत्कृष्ट दिव्यांग क्रिकेटरों के साथ विदेशी खिलाड़ी भी भाग लेंगे। छह टीमों के बीच खेले जाने वाले मुकाबले आईपीएल की तर्ज पर किए जाएंगे, जिससे खिलाड़ियों को पेशेवर माहौल मिलेगा और दर्शकों को भी रोमांचक क्रिकेट देखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि लीग के माध्यम से दिव्यांग क्रिकेट को नई दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है। लंबे समय से दिव्यांग खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करते रहे हैं, लेकिन उन्हें वह मंच और पहचान नहीं मिल सकी जिसकी वे हकदार हैं। यह लीग उसी कमी को दूर करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। विश्वास है कि आगरा से शुरू होने वाली यह पहल पूरे देश में दिव्यांग क्रिकेट के लिए नई प्रेरणा बनेगी।