कोरोना वायरस के लक्षण मिलने वाले जूता कारोबारी के संपर्क में रहने वाले लोग भी दहशत में आ गए। यह सभी जांच कराने के लिए जिला अस्पताल पहुंचे। इनमें जूता कारोबारी की नौकरानी, खाना बनाने वाली तक शामिल है।
जूता कारोबारी के छह सदस्यों में कोरोना वायरस के लक्षण मिलने के बाद रैपिड रिस्पांस टीम भी सक्रिय हो गई। इनसे संपर्क में आने वाले सभी को जिला अस्पताल बुलाया। इनमें से नौकरानी, ड्राइवर, माली, खाना बनाने वाली, इनके कारखाने में कार्य करने वाले कर्मचारी भी शामिल रहे।
ऐसे और भी जूता कारोबारी भी रहे, जो इनके संपर्क में रहे और व्यापार संबंधी कामकाज के लिए एकदूसरे से मिले। यह सभी देर शाम तक जिला अस्पताल पहुंचे। रैपिड रिस्पांस टीम ने इन सभी को आइसोलेशन वार्ड में बिठाया और नमूने लेकर भेज दिया।
इन सभी को चिकित्सकीय टीम ने मास्क लगाने और घर से बाहर न निकलने की हिदायत दी है। जिला अस्पताल के एसआइसी डॉ. एसके वर्मा ने बताया कि संभावित मरीजों के संपर्क में आने वाले 35 लोगों के नमूने लेकर जांच के लिए केजीएमयू लखनऊ भेज दिया है।