शहर के छह लोगों में कोरोना वायरस के लक्षण मिलने पर सतर्कता के तौर पर सेंट पीटर्स कॉलेज और सेंट फेलिक्स स्कूल में बुधवार को छुट्टी कर दी गई है। दोनों विद्यालय एक ही परिसर में संचालित है।
सेंट पीटर्स कॉलेज में परीक्षाएं चल रही थी, बुधवार की परीक्षा टाल दी गई है। जिला प्रशासन के आदेश पर स्वास्थ्य विभाग टीम दोनों स्कूलों में बुधवार सेनिटाइज करेगी।
सेंट पीटर्स कॉलेज के प्रधानाचार्य फादर एंड्रू कुरिया ने मंगलवार को प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को कोरोना वायरस के प्रति जागरूक किया। इससे बचाव के लिए उपाय सुझाए गए। उनका कहना है कि सतर्कता के तौर पर विद्यालय में एक दिन की छुट्टी की गई है।
स्कूल के सेनिटाइज किए जाने के बाद खोला जाएगा। सेंट पीटर्स कॉलेज में करीब 4000 और सेंट फेलिक्स में करीब 1000 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। अभिभावकों को बुधवार के अवकाश के संबंध में मेसेज भी स्कूलों की ओर से भेज दिया गया है।
डीएम ने दिए 100 बेड के आइसोलेशन वार्ड बनाने के निर्देश
कोरोना वायरस की आशंका पर डीएम ने सीएमओ और एसएन प्राचार्य को 100 बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिला अस्पताल और एसएन मेडिकल कॉलेज में अलग-अलग वार्ड और नमूने लेने के लिए चिकित्सकीय टीम बनाने को भी कहा है।
डीएम ने लोगों से अपील की है कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। भीड़भाड़ वाले स्थानों से बचें, कोरोना वायरस के लक्षण नजर आने पर जिला अस्पताल में जांच कराएं।
नमूने लिए गए लोगों के घरों पर कराई गई फॉगिंग
कोरोना वायरस की आशंका पर 35 लोगों के नमूने लिए गए हैं। इनके घरों पर नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची और फॉगिंग कराई है। लोगों को भी जांच रिपोर्ट आने तक घरों से बाहर जाने से मना कर दिया है।
आज स्टॉफ को मास्क व सेनिटाइजर बांटेंगे
होली पब्लिक स्कूल में बुधवार को पूरे स्टॉफ को मास्क और सेनिटाइजर बांटा जाएगा। शहर के लोगों में कोरोना वायरस के लक्षण मिलने पर सतर्कता के तौर पर यह कदम उठाया जा रहा है।
स्कूल के चेयरमैन संजय तोमर का कहना है कि स्टॉफ को जरूरी एहतियात बरतने के लिए भी जागरूक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नप्सा के सदस्यों को भी यह सुझाव दिया गया है। वहीं, अप्सा के अध्यक्ष डॉ. सुशील चंद्र गुप्ता का कहना है कि सदस्य स्कूलों के विद्यार्थियों और शिक्षकों को कोरोना वायरस से बचने के लिए उपाय सुझाए गए हैं।