मैनपुरी। थाना कुरावली क्षेत्र में मंगलवार को आईपीएल मैच में सट्टा लगवाने वाले दो बुकी सहित छह लोगों को थाना पुलिस व सर्विलांस टीम ने गिरफ्तार किया है। बुधवार को एसपी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
एसपी अशोक कुमार राय ने पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता में बताया कि सूचना मिली की कस्बे में आईपीएल मैच के दौरान कुछ लोग सट्टा लगवा रहे हैं। इनका सरगना सनी निवासी नगला चैनी है। प्रभारी निरीक्षक भोलू सिंह भाटी, सर्विलांस प्रभारी जोगेंद्र सिंह ने टीम के साथ मंगलवार की रात कस्बा निवासी अमन गुप्ता की दुकान पर दबिश दी। पुलिस को देख वहां मौजूद लोग भागने लगे। पुलिस कर्मियों ने मौके से छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में सात मोबाइल फोन, 12950 की नकदी, क्रेेडिट व एटीएम कार्ड बरामद हुए। पूछताछ में सरगना सनी ने बताया कि वह आईपीएल मैच में रुपये लगवाने का काम करता है। पूछताछ करने पर पकड़े गए लोगों ने अपने नाम सनी निवासी नगला चैनी, स्वदीप गुप्ता निवासी पुरानी लहसुन मंडी सुजरई, अरुण कुमार सुजरई, मोहित कुमार, कपिल पांडेय और अमित जैन निवासी मोहल्ला वैदनटोला बताया। एसपी ने बताया कि सभी के विरुद्ध सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है।