आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज के मैकेनिकल विभाग की मेट्रोलॉजी प्रयोगशाला के दरवाज़े के नीचे फंसे छह फुट लंबे अजगर को वाइल्डलाइफ एसओएस रैपिड रिस्पांस यूनिट ने मंगलवार को बचाया। अजगर को कुछ घंटों के लिए चिकित्सकीय निगरानी में रखने के बाद वापस अपने जंगल में छोड़ दिया गया।
आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज के मैनेजमेंट और सफाई कर्मचारियों के लिए मंगलवार की सुबह काफी डरावनी रही, जब उन्होंने अचानक से कॉलेज की एक प्रयोगशाला के दरवाजे के नीचे छह फुट लंबे अजगर को फंसा देखा। अजगर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने तत्काल वाइल्डलाइफ एसओएस को सूचना दी।
वन्यजीव संरक्षण संस्था की दो सदस्यीय रेस्क्यू टीम वहां पहुंची। सांप को सावधानीपूर्वक बाहर निकला और सुरक्षित रूप से कपड़े के बैग में स्थानांतरित कर दिया। वाइल्डलाइफ एसओएस को कॉल करने वाले, हॉस्टल मैनेजर, एके. सिंह ने बताया, अजगर प्रयोगशाला के अंदर जाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन जगह कम होने के कारण वह फंस गया।