आगरा में पारा बढ़ने से पर्यटकों की मुसीबतें खड़ी होने लगी हैं। शनिवार को ताजमहल देखने आए छह पर्यटकों की हालत खराब हो गई। बेहोश होने पर प्राथमिक उपचार के बाद राहत मिली। शनिवार को 30 हजार से अधिक पर्यटकों ने ताजमहल निहारा।
सुबह से ही तेज धूप पड़ने लगी। इससे लाइन में लगने से कई पर्यटकों के दिक्कत होने लगी। इसी में आसाम की पाही (17), ज्योति (42) और इला (45) को घबराहट होने लगी। चक्कर आने लगे और गश खाकर गिर पड़ीं। ताजमहल के अंदर पत्थर तपने से गर्मी का असर ज्यादा होने लगा।
इसके चलते कर्नाटक की जोया जीनत (21) और उन्नाव के सगीर अहमद (68) को भी घबराहट और पसीना आने लगा। चक्कर खाकर गिर गए। ऐसी ही एक हालत विदेशी पर्यटक की भी हुई। इनको डिस्पेंसरी में प्राथमिक उपचार दिया। वरिष्ठ संरक्षण सहायक प्रिंस बाजपेयी ने कहा कि गर्मी के चलते मरीजों को दिक्कत होती है। ऐसे पर्यटकों को तत्काल प्रभाव से चिकित्सकीय सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
पर्यटक का छूटा बैग, बुजुर्ग पर्यटक भी बिछड़ी
देहरादून के परवेज आलम और उनकी पत्नी शीबा का पुरानी मंडी से पश्चिमी गेट पर आते वक्त गोल्फ कार्ट में पर्स छूट गया। इस पर ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम ने पर्यटक की खोजबीन कर पर्स लौटाया। इसमें 15 हजार रुपये का मोबाइल और 4200 रुपये थे। पश्चिम बंगाल की आरती भट्टाचार्य (72) ताजमहल देखने के बाद लौटते वक्त भीड़ के चलते परिजन से भटक गई। एनाउंस करने पर इनकी बेटी कृष्णा आई। इन्होंने पुलिस का आभार जताया।