आगरा में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) शुरू हो चुका है। घर-घर बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) दस्तक दे रहे हैं। यदि आपके घर बीएलओ नहीं आया, तो एक कॉल या संदेश से आप बीएलओ विजिट बुक कर सकते हैं। बुकिंग के बाद बीएलओ स्वयं आपसे संपर्क करेंगे। एसआईआर का गणना फाॅर्म भरने में मदद मिलेगी।
नौ विधानसभा क्षेत्रों में 4 दिसंबर तक 35.99 लाख मतदाताओं का सत्यापन होगा। 3696 बीएलओ 4 दिसंबर तक घर-घर जाकर जांच करेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद बंगारी ने बताया कि एसआईआर के संबंध में किसी मतदाता को कोई संशय हो या फाॅर्म नहीं मिला हो। फाॅर्म भरने में कोई समस्या आए या 2003 की सूची में नाम जांचना हो तो मतदाता निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के माध्यम से घर बैठे बीएलओ विजिट बुक कर सकते हैं। आयोग से बीएलओ एप पर संदेश आएगा। बीएलओ संबंधित मतदाता के घर पहुंच कर उसकी दुविधा दूर करेगा और गणना फाॅर्म भरवाएगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान ने बताया कि एसआईआर के दौरान मृतक, डु्प्लीकेट और स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं को चिह्नित किया जाएगा। ड्रॉफ्ट सूची के दौरान विलोपित सूची में शामिल कर नोटिस जारी किए जाएंगे। दस्तावेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर निर्णय होगा।
घर पहुंचे डीएम तो चौंक गए मतदाता
बीएलओ के कार्यों का सत्यापन करने के लिए शनिवार को डीएम अरविंद बंगारी उत्तर विधान सभा क्षेत्र के बूथ नंबर 207 व 208 के मतदाताओं से मिलने गणपति अपार्टमेंट पहुंचे। डीएम को दरवाजे पर देख मतदाता चौंक गए। एक मतदाता ने बताया कि उनका नाम 2003 में हाथरस में था। डीएम ने बीएलओ से सूची चेक कराई। हाथरस में नाम मिला। फिर एसआईआर फार्म भरवाया। डीएम व एडीएम सिटी ने सभी मतदाताओं को बुलाकर वार्ता की।
गड़बड़ी की आशंका पर यहां करें शिकायत
बीएलओ या अन्य गड़बड़ी की आशंका पर मतदाता शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसलिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम 0562-2250170 खोला गया। टोल फ्री नंबर 1950 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।