चंबल के ऊबड़-खाबड़ बीहड़ में 400 किमी सफर तय करने वाले दिग्विजय सिंह और एमके मुख्त्यार अहमद दि ताज कार रैली के एक्सपर्ट केटेगरी में विजेता चुने गए। सचिन सिंह, एम प्रकाश दूसरे और हर्षवर्धन सिंह, जी नटराजन तीसरे स्थान पर रहे। कुल 11 केटेगरी में पुरस्कार दिए गए, जिनमें महिला केटेगरी में डा. रंजना बंसल, श्रुति अग्रवाल की जोड़ी भी विजेता बनी। मुख्यमंत्री ने कार रैली की पुरस्कार राशि पांच लाख बढ़ावा दी। पर्यटन विभाग के मुताबिक, यह इवेंट हर साल होगा। इंटरनेशनल टूरिज्म कैलेंडर में शामिल कराया जाएगा।
लायन सफारी में शुरू हुई कार रैली का समापन रविवार को ताजनगरी में भव्य समारोह के साथ हुआ। होटल कोर्टयार्ड मेरिएट में कमिश्नर प्रदीप भटनागर, डीएम पंकज कुमार, एडीए उपाध्यक्ष मनीषा त्रिघाटिया, एसएसपी राजेश मोदक राव, एशिया पैसेफिक रैली चालक गौरव गिल और अर्जुन पुरस्कार विजेता दीपा मलिक ने रैली के 11 केटेगरी के विजेताओं को पुरस्कार दिए। मोटर स्पोर्ट्स क्लब और यूपी टूरिज्म द्वारा आयोजित कार रैली में लखनऊ, हैदराबाद, बीकानेर, नई दिल्ली, चंडीगढ़, इरोड के अलावा दुबई, ऑस्ट्रेलिया आदि देशों से चैलेंजर ने हिस्सा लिया। एशिया पैसेफिक रैली चैंपियन गौरव गिल ने कहा कि प्रदेश के पर्यटन को इस रैली से बढ़ावा मिलेगा। क्लब के हरविजय बाहिया ने कहा कि लॉयन सफारी और चंबल सफारी के साथ एडवेंचर टूरिज्म को इससे बढ़ावा मिलेगा।
यूपी टूरिज्म एमडी शशांक विक्रम सिंह, उपनिदेशक अनूप श्रीवास्तव, अविनाश मिश्रा, आरपी सिंह, उद्यमी डा रंजना बंसल, राजीव गुप्ता, देवाशीष भौमिक, राजीव सक्सेना, राजीव तिवारी, विशाल भारती सहित शहर के प्रमुख उद्यमियों की मौजूदगी रही।
इन कैटेगरी में विजेता
एक्सपर्ट कैटेगरी दिग्विजय सिंह, एमके मुख्त्यार अहमद
ओवरऑल अर्पित गुप्ता, ध्रुवपाल सिंह
एक्सपर्ट एसयूवी दिग्विजय सिंह, एमके मुख्त्यार अहमद
एक्सपर्ट कार भरत बंसल, वरुण कांत गुप्ता
एक्सपर्ट ऑल वीमेन विभा मल्होत्रा, शर्मिष्ठा सिंह
कार 1400 सीसी आशीष अग्रवाल, शालिनी अग्रवाल
कार 1400 सीसी से कम अमन गुलफाम, राहुल मुखर्जी
एसयूवी 2000 सीसी अर्पित गुप्ता, ध्रुवपाल सिंह
एसयूवी 2000 सीसी से कम आशुतोष बंसल, रोहित अग्रवाल
ऑल वीमेन रंजना बंसल, श्रुति अग्रवाल
मिक्स डबल मनीषा सिंह, शक्ति सिंह
महिलाओं ने दिखाया दम
कार रैली में आगरा की महिलाओं ने दम दिखाया। ऑल वीमेन केटेगरी में डा. रंजना बंसल, श्रुति अग्रवाल अव्वल रहीं तो दूसरे स्थान पर रीनू त्यागी और पल्लवी रहीं। तीसरे स्थान पर आगरा की ही वत्सला प्रभाकर और रीता कपूर रहीं। डा. रंजना बंसल के साथ प्रणति बंसल ने एक दिन पहले ही स्पेशल कार तैयार कराई। प्रणति के जज्बे को अर्जुन पुरस्कार विजेता एथलीट दीपा मलिक ने भी सलाम किया। दीपा मलिक ने पुरस्कार प्राप्त करने के बाद प्रणति को बुलाकर उनके जोश और प्रयास को सराहा।
पांच साल तक एमओयू की तैयारी
आगरा। सीएम अखिलेश यादव बेशक रैली को हरी झंडी न दिखा पाए, लेकिन पल-पल की खबर वह लेते रहे। रैली के समापन से पहले उन्हाेंने विजेताओं को सरकार की ओर से पांच लाख रुपये देने का एलान करा दिया। सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री मोटर स्पोर्ट्स क्लब के साथ पांच साल तक लॉयन सफारी से चंबल सफारी तक ताज कार रैली के आयोजन के लिए एमओयू साइन करा सकते हैं। लॉयन सफारी के प्रमोशन के लिए इसका एलान जल्द किया जा सकता है।