आगरा जनपद के बाह क्षेत्र के बीहड़ में बसे सुंसार गांव का सात किलोमीटर का कच्चा रास्ता बारिश के कारण दलदल में तब्दील हो गया है। गांव की बीमार महिला गुड्डी देवी को अस्पताल ले जा रहा ट्रैक्टर उसमें फंस गया, इलाज नहीं मिलने से उनकी मौत हो गई। ट्रैक्टर निकालकर मुख्य मार्ग तक पहुंचने में ही पांच घंटे लग गए थे। रास्ते की इस बदहाली पर गांववालों में रोष भी है। परिजनों का कहना है यदि सही समय पर अस्पताल पहुंच जाते तो महिला की जान बचाई जा सकती थी।
सुंसार गांव की गुड्डी देवी (46) के पति उदयवीर सिंह की पहले ही मौत हो चुकी है। वह अपने खेत में झोपड़ी बनाकर रहती थी। शुक्रवार को बुखार आने के साथ ही उन्हें घबराहट और बेचैनी हो रही थी। इसके बाद परिजन ट्रैक्टर-ट्रॉली से चारपाई में लिटाकर इलाज के लिए निकले। बीहड़ के सात किलोमीटर लंबे रास्ते पर बारिश की वजह से कई जगह दलदल में ट्रैक्टर फंस गया।