सप्ताहभर में ही कोरोना संक्रमण की बेकाबू रफ्तार से ताजमहल देखने आने वाले सैलानियों के कदम ठिठक रहे हैं। सात दिन के अंदर ताज पर 75 फीसदी सैलानी घट गए। बीते शनिवार को ताज पर 37,834 पर्यटक पहुंचे थे और टिकटों को लेकर मारामारी मची रही थी, वह इस शनिवार को नजर नहीं आई। महज 9547 पर्यटकों ने ताजमहल का दीदार किया। यह संख्या बीते शनिवार से महज 25 फीसदी यानी एक चौथाई है। केवल ताजमहल नहीं, बल्कि आगरा किला समेत सभी स्मारकों पर पर्यटकों की संख्या में जबरदस्त गिरावट आई है। वीक एंड कर्फ्यू और देश के कई शहरों में लॉकडाउन की आशंका गहराने के कारण लोगों में पर्यटन स्थलों तक जाने में डर लग रहा है। होटलों में वीक एंड की बुकिंग धड़ाधड़ कैंसिल हो रही हैं।
10 फीसदी सैलानी भी नहीं आए
शनिवार को स्मारकों पर कोरोना के साथ खराब मौसम का भी असर देखने को मिला। फतेहपुर सीकरी, एत्माद्दौला, महताब बाग, रामबाग और सिकंदरा जैसे स्मारकों पर पर्यटकों की संख्या बीते शनिवार से 10 फीसदी ही रह गई। महताब बाग पर बीते शनिवार रिकार्डतोड़ 1286 पर्यटक आए थे तो इस शनिवार को उनकी संख्या महज 98 रह गई। यही हाल अकबर के मकबरे, सिकंदरा का रहा, जहां पर्यटक दस फीसदी ही रह गए।