ऑक्सीजन की कमी से दस दिन में पत्नी और बेटे की मौत
मधु नगर निवासी 65 वर्षीय नत्थीलाल ने दस दिन में पत्नी व बेटे दोनों को खो दिया। 26 अप्रैल को श्री पारस अस्पताल में पहले पत्नी रामवती ने दम तोड़ा। 28 अप्रैल को बेटा संक्रमित हो गया। पांच मई को बेटे की पुरुषोत्तम दास हॉस्पिटल में मौत हो गई।
हृदय एवं मधुमेह से पीड़ित 65 वर्षीय नत्थीलाल ने बताया कि 13 अप्रैल को मैंने 61 वर्षीय पत्नी रामवती को नामनेर स्थित एसआर अस्पताल में भर्ती कराया था। तब ऑक्सीजन संकट था। दूसरे दिन 15 अप्रैल को एसआर से चिकित्सक ने उन्हें श्री पारस अस्पताल में रेफर कर दिया। नौ दिन में पत्नी की हालत में सुधार आया।
26 अप्रैल को दोपहर 11.30 बजे अचानक स्टाफ ने कहा ऑक्सीजन खत्म हो गई है। अपने मरीज के लिए सिलिंडर इंतजाम करिए। उस समय सिलिंडर वितरण प्रशासन के अधिकारियों हाथ में था। हमने बहत कोशिशें की, लेकिन सिलिंडर नहीं मिला। फिर धौलपुर में अपने रिश्तेदार ने छह हजार रुपये में एंबुलेंस की। उससे एक सिलिंडर पहुंचाया।
अस्पताल में सिलिंडर दिया तो स्टाफ बोला नोजल लेकर आओ। एक घंटे में मेरा बेटा नोजल लेकर आया। स्टाफ ने कहा, हमने जुगाड़ कर के सिलिंडर मरीज को लगा दिया है। तीन घंटे बाद बोले ऑक्सीजन खत्म हो गई। खाली सिलिंडर हमें वापस दे दिया। पता नहीं उन्होंने ऑक्सीजन लगाई या नहीं। शाम को फिर मेरा छोटा लड़का ऑक्सीजन के लिए दौड़ता रहा। रात 9.30 बजे हॉस्पिटल स्टाफ ने हमसे मना कर दिया। कहा-तुम्हारा मरीज नहीं रहा। रात में शव मिला।
27 अप्रैल को मेरा बड़ा बेटा विजयपाल इंदौर से मां के अंतिम संस्कार में आ गया। छोटे बेटे ने संस्कार किया। 28 अप्रैल को बड़ा बेटा गंगा में मां की अस्थियां विसर्जन के लिए गया था। 30 को उसे खांसी-बुखार आ गया। इंदौर से जब आया था तो कोरोना जांच कराई थी तब निगेटिव था। यहां आकर भी ठीक रहा। गंगा से लौटने के बाद अचानक तबियत खराब हो गई। बेड व ऑक्सीजन कमी थी। पांच दिन तक किसी ने भर्ती नहीं किया। उसे ऑक्सीजन की जरूरत थी। वेंटिलेटर नहीं मिला। सीटी स्कैन में संक्रमण था। डीएम साहब से सिफारिश कराई तब सिकंदरा स्थित पुरुषोत्तम दास हॉस्पिटल में पांच मई को भर्ती किया। उसी दिन रात 12 बजे उसकी मौत हो गई।
इंदौर में इंजीनियर था विजयपाल
मृतक विजयपाल सिंह इंदौर के राऊ, पीतमपुरा औद्योगिक इकाई में इंजीनियर था। विजय की पत्नी, बेटा व बेटी जयपुर में रहते थे। नत्थी लाल ने कहा, मेरी तबियत खराब है। मेरे दो बेटे थे। एक बेटा बचा है। बहू विधवा हो गई। ऑक्सीजन और कोरोना ने मेरी जिंदगीभर की खुशियां छीन लीं।
22 मरीजों की मौत का आरोप
दमघोंटू मॉकड्रिल में 22 मरीजों की ऑक्सीजन बंद करने से मौत के आरोप लगाते हुए सामाजिक कार्यकर्ता नरेश पारस ने जिलाधिकारी की कमेटी को श्री पारस अस्पताल संचालक डॉ. अरिन्जय जैन के विरुद्ध हत्याओं की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने के लिए प्रत्यावेदन दिया है। एडीएम सिटी मामले की जांच कर रहे हैं।
10 मृतकों के परिजन आ चुके सामने
श्री पारस अस्पताल में अब तक 10 मृतकों के परिजन सामने आ चुके हैं। जिनमें सात मृतकों की तरफ से ऑक्सीजन कमी से मौतों की शिकायत जिलाधिकारी से की गई है। डीएम प्रभ एन सिंह ने कहा, डाक से भी कुछ शिकायतें आई हैं। सभी शिकायतों की जांच कराई जा रही है।
श्री पारस अस्पताल का एक और कारनामा: 19 दिन संक्रमित का इलाज किया, मृत्यु प्रमाण पत्र में लिखा हार्टअटैक