सोरोंजी (कासगंज)। सोशल मीडिया पर असलहों के साथ मंगलवार को एक युवक ने अपनी शान दिखाते हुए फोटो वायरल की। आरोपी को चिन्हित कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। वहीं वायरल फोटो में दिखाई दे रहे असलाहों को भी बरामद किया गया है। आरोपी को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
क्षेत्र के ग्राम ग्राम जरेथा निवासी शाहजुद्दीन ने रायफल, पिस्टल एवं एसबीबीएल गन के साथ अपने फोटो को सोशल मीडिया पर वायरल किया। जिसकी जानकारी पुलिस को हुई तो पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने उसे चिन्हित करते हुए उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से वायरल फोटो में दर्शाए गई एक रायफल 315 बोर, एक पिस्टल 32 बोर, एक एसबीबीएल गन 12 बोर को भी बरामद किया है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक डीके त्यागी ने बताया कि तीनों असलाहों का किसी और व्यक्ति के नाम पर लाइसेंस है। आरोपी के खिलाफ आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन में कार्रवाई करते हुए असलाहों के लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। आरोपी को आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है।