आगरा के परिषदीय विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक की वार्षिक परीक्षाएं सोमवार से शुरू हो गईं। पहले दिन शहर के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों की मौखिक व विषयवार परीक्षाएं कराई गईं। कक्षा 5 और 8 की कुछ परीक्षाएं निरस्त होने के बाद अब उन्हें 24 मार्च को कराया जाएगा, जिसके चलते परीक्षाएं 20 मार्च के बजाय 24 मार्च तक चलेंगी।
परीक्षाएं दो पालियों में हो रही हैं। पहली पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 12:30 से 2:30 बजे तक आयोजित की जा रही है। पहले दिन कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों की सभी विषयों की मौखिक परीक्षा हुई, जबकि कक्षा 6 से 8 तक प्रथम पाली में कृषि विज्ञान व गृह शिल्प तथा दूसरी पाली में खेल एवं स्वास्थ्य की परीक्षा कराई गई। कुछ विद्यालयों में प्रश्नपत्र की कमी के कारण अव्यवस्था भी सामने आई। तो व्हाट्सएप उनका सहारा बना।
नगला रामबल कंपोजिट विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजीव कुमार वर्मा ने बताया कि प्रथम पाली में हुए पेपर के प्रश्नपत्र कम थे। ऐसे में व्हाट्सएप के माध्यम से प्रश्नपत्र मंगाकर ब्लैकबोर्ड पर लिखवाया और छात्रों से उत्तर लिखवाए। यूटा के महामंत्री राजीव वर्मा ने बताया कि कुछ विद्यालयों में प्रश्नपत्र पर्याप्त संख्या में नहीं पहुंचे थे, इसलिए शिक्षकों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी। बीएसए जितेंद्र गोंड ने बताया कि प्रश्नपत्र पहले ही भेज दिए गए थे और अतिरिक्त प्रश्नपत्र बीआरसी पर भी उपलब्ध थे। उन्होंने बताया कि कक्षा 5 और 8 की कुछ परीक्षाएं निरस्त कर दी गई हैं, जिन्हें अब 24 मार्च को कराया जाएगा।
नगर शिक्षाधिकारी सुमित सिंह ने बताया कि 17 मार्च को कक्षा पांच की द्वितीय पाली की संस्कृत की परीक्षा होगी। और कक्षा 8 की संस्कृत की परीक्षा होगी। 18 मार्च को कक्षा पांच की द्वितीय पाली में अंग्रेजी की परीक्षा होगी। 19 मार्च को पहली पाली में हिंदी तथा दूसरी पाली में कला और संगीत की परीक्षा कराई जाएगी। 20 मार्च को पर्यावरण अध्ययन और कार्य अनुभव विषय की परीक्षा होगी। 24 मार्च को कक्षा 5 की गणित और सामाजिक विज्ञान तथा कक्षा 8 की गणित और विज्ञान की परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद मूल्यांकन कार्य शुरू होगा और परिणाम 30 मार्च तक घोषित किए जाएंगे।