कासगंज। रोडवेज डिपो में 41 बस चालकों की कमी हैं। इस कमी को पूरा करने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई, लेकिन अभी तक 26 बस चालकों ने ही भर्ती में रुचि दिखाई है। इनमें 14 बस चालक डिपो स्तर से टेस्ट पास कर चुके हैं। शेष 12 चालकों का डिपो स्तर टेस्ट के बाद फाइनल टेस्ट के लिए मुख्यालय भेजा जाएगा।
रोडवेज डिपो में बस चालकों की कमी के कारण सभी बसों का संचालन नहीं हो पा रहा है। जिससे बसों की कमी के कारण यात्रियों को परेशानी हो रही है। डिपो पर 96 बसों का बेड़ा है। इनमें 33 बसें अनुबंधित हैं, इन अनुबंधित बसों पर बस स्वामी द्वारा नियुक्त बस चालक रहते हैं, लेकिन शेष 63 बसें निगम की हैं। इनके संचालन के लिए 41 बस चालकों की कमी चल रही है। रिक्त पदों के सापेक्ष बस चालकों की भर्ती के लिए बस स्टैंड कासगंज, पटियाली, गंजडुंडवारा और सोरोंजी में भर्ती शिविर भी लगाए गए। इनमें प्रथम चरण में 14 बस चालक डिपो स्तर से पास होकर फाइनल टेस्ट के लिए लोनी गए हुए हैं। जहां से पास होने पर उनकी भर्ती पक्की हो जाएगी। 12 और बस चालकों का पहले डिपो स्तर पर टेस्ट होगा, इसके बाद फाइनल टेस्ट मुख्यालय से होगा। बस चालकों की पूर्ति करने के लिए अभी भी भर्ती खुली हुई है। बस चालकों की भर्ती होने के बाद यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।