गीला-सूखा कचरा डालने की अलग-अलग डस्टबिन
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में स्वच्छ सर्वेक्षण चल रहा है। बाजारों में दुकानदारों को गीले-सूखे कचरे में अंतर नहीं पता। दोनों तरह का कचरा एक ही डस्टबिन में डालने पर शनिवार को नगर निगम ने हरीपर्वत, छत्ता, लोहामंडी और ताजगंज क्षेत्र में आठ हजार रुपये जुर्माना वसूला है। इसके अलावा गंदगी फैलाने, प्रतिबंधित पॉलिथीन के इस्तेमाल पर भी कार्रवाई की गई है।
थूकने और टॉयलेट करने पर वसूला गया जुर्माना
जी-20 मार्ग पर लोगों का थूकना भी जारी है। शनिवार को 50 से अधिक लोगों से सार्वजनिक स्थल पर थूकने और टॉयलेट करने पर करीब 3500 रुपये जुर्माना वसूला गया। नगर निगम के प्रवर्तन प्रभारी एके सिंह के अनुसार गंदगी न फैलाने, अतिक्रमण नहीं करने को लेकर लोगों को लगातार समझाया जा रहा है।
सूखा-गीला कूड़ा अलग-अलग रखना है। न रखने पर हरीपर्वत जोन में 3500 रुपये, ताजगंज में 1600, लोहामंडी में 1300 रुपये और छत्ता जोन में 2250 रुपये जुर्माना विभिन्न लोगों से वसूला गया। इसके अलावा बकाया गृहकर की वसूली की गई। चारों जोन से 27 लाख रुपये से अधिक गृहकर वसूला है।
रविवार को खुला रहेगा जलकल दफ्तर
जलकल महाप्रबंधक कुलदीप सिंह ने बताया कि रविवार को जलकल विभाग के सभी कार्यालय खुले रहेंगे। लोहामंडी, सूर्य नगर, छत्ता और ताजगंज क्षेत्र के बकाएदार जलकर, जलमूल्य व सीवर कर का बकाया चुका सकते हैं।