मैनपुरी। शहर के घंटाघर चौराहे पर रविवार शाम दुकानदार से विवाद के बाद आरोपियों ने उसे व पुत्र को लोहे के पाइप से पीटकर घायल कर दिया। दुकान में भी तोड़फोड़ कर दी। पुलिस को आता देख आरोपी भाग गए, पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कटरा निवासी अशोक गुप्ता की घंटाघर चौराहे पर मिठाई की दुकान हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि रविवार की शाम को वह दुकान पर थे, तभी दुकान पर खरीदारी करने आए आवास विकास कालोनी के कुछ लोगों से रुपये को लेकर कहासुनी हो गई। आरोपी गाली गलौज करने लगे, कुछ ही देर में वहां उनके और साथी आ गए। सभी ने हंगामा करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर उन्हें पीटने लगे। उन्हें पिटता देख जब पुत्र अंकुर बचाने के लिए आया तो उसे भी लोहे के पाइप से पीटना शुरू कर दिया। पुलिस ने तहरीर पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।