आगरा में हाईवे स्थित रामबाग फ्लाईओवर कट पर सोमवार रात को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने एक कैंटर को जबरन रोक लिया। उसमें गोमांस ले जाने का शक जताया। हंगामा करते हुए कैंटर में तोड़फोड़ कर दी। इससे हाईवे पर वाहन रुक गए। जाम की वजह से 1 किलोमीटर तक वाहनों की लाइन लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया। मगर, वो 2 घंटे तक हंगामा करते रहे। बाद में कुछ को हिरासत में ले लिया गया। तब कहीं मामला शांत हो सका।
सहारनपुर निवासी ट्रक चालक दानिश ने बताया कि वह अपने तीन साथियों के साथ भरतपुर नगर निगम की ओर से नीलाम की गईं पशुओं की हड्डी लेकर सहारनपुर जा रहा था। रविवार को मथुरा के रिफाइनरी थाना क्षेत्र के बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कैंटर को रोक लिया था। वहां से पुलिस ने 24 घंटे तक जांच की। इसके बाद कैंटर को छोड़ दिया।
सोमवार रात 8:30 बजे जैसे ही वो भगवान टॉकीज फ्लाईओवर पर चढ़ा, वैसे ही पीछे से बाइक सवार युवकों ने रोकने का प्रयास किया। वह आगे जाने लगा। मगर जवाहर पुल पार करते ही बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने गाड़ी को रोक लिया।
आरोप है कि इतने में दर्जन भर कार्यकर्ता आ गए। उन्होंने तोड़फोड़ शुरू कर दी। चालक ने अपने साथियों के साथ रामबाग पुलिस चौकी की ओर भागकर जान बचाई। उधर बजरंग दल के रामबाग जिला संयोजक अनिल शर्मा का कहना था कि गाड़ी से दुर्गंध आ रही थी। इस पर उसे रोकने का प्रयास किया। मगर चालक ने गति बढ़ा दी। पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन एक घंटे बाद पहुंची। इससे नाराज कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।
सड़क पर बैठ गए। इससे वाहनों की लाइन लग गई। बाद में पुलिस पहुंची। जबरन कार्यकर्ताओं को हटा दिया। कुछ को पकड़कर थाने भी ले गई। इस दौरान अनुज चौहान, सूरज कुशवाह, शैलू जाट, शिवम उपाध्याय, नामित चौहान, जय वर्मा आदि मौजूद रहे
कैंटर में गोमांस लेकर जाने की आशंका जाहिर की गई थी। मगर पशुओं की हडि्डयां भरी हुई थीं। इनको नगर निगम भरतपुर की ओर से नीलाम किया गया था। कार्यकर्ताओं ने तोड़फोड़ और हंगामा किया। इसमें चालक की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। -
पीयूष कांत राय, एसीपी छत्ता