दिव्यांग छात्र को 8वीं कक्षा में प्रवेश न देने के मामले में बीएसए ने बिचपुरी के सेंट थाॅमस स्कूल के खिलाफ एफआईआर के आदेश जारी किए हैं। आरोप है कि अफसरों के आदेश पर परिजनों के साथ प्रवेश लेने पहुंंच छात्र को पहले तो 4 घंटे स्कूल के गेट पर खड़ा रखा गया, बाद में पुलिस को बुलाकार धमकाने की कोशिश भी की गई।
प्रोग्रेसिव एसोसिएशन ऑफ पेरेंट्स अवेयरनेस के राष्ट्रीय संयोजक दीपक सरीन ने बताया कि सेंट थॉमस स्कूल प्रबंधन ने दिव्यांग छात्र मयंक उपाध्याय को 8वीं कक्षा में निशुल्क प्रवेश न देकर दिव्यांग अधिकार अधिनियम का उल्लंघन किया है। उन्होंने बताया कि संस्था को मजबूरन जिला मुख्यालय पर धरना भी देना पड़ा था। उस समय जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारी भी माैके पर आ गए थ।
मामले की जानकारी कर बीएसए जितेंद्र गोंड ने फोन कर छात्र को तत्काल प्रवेश देने के निर्देश दिए थे। इसके बाद भी स्कूल पहुंचे छात्र और परिजन को गेट पर खड़ा रखकर परेशान करने के साथ ही पुलिस बुलाकर धमकाने की कोशिश की गई। इस संबंध में स्कूल के प्रिंसिपल से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।
वहीं, बीएसए जितेंद्र गोंड का कहना है कि स्कूल प्रशासन को दिव्यांग छात्र का प्रवेश लेने के निर्देश दिए गए थे। कई बार निर्देश देने के बावजूद स्कूल प्रशासन ने इसकी अवहेलना की। इस संबंध में स्कूल के खिलाफ संबंधित थाने में एफआईआर करने के आदेश दिए गए हैं।