'जो पुराणों में पढ़ा, वहीं पत्र में लिखा'
सदर बाजार में स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर परिसर में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि आज यदुवंशियों की शोभायात्रा में शामिल होने आए हैं। शिवपाल यादव द्वारा लिखे गए पत्र, जिसमें कंस द्वारा अपने पिता के अधिकारों का हनन कर कुर्सी हथियाने के सवाल पर कहा कि उन्होंने जो पुराणों में पढ़ा है, उसी को अपने पत्र में लिखा है। अब उसे कौन किस रूप में देखता है। इसके लिए उसकी अपनी सोच हो सकती है।
बसपा सुप्रीमो मायावती द्वारा प्रदेश का कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए जाने पर शिवपाल ने टिप्पणी से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि जहां तक प्रदेश की कानून व्यवस्था का सवाल है तो उसमें प्रदेश सरकार ने काफी कुछ सुधार किया है, लेकिन और सुधार की जरूरत है।
शिवपाल के आसपास दिखे भाजपा नेता
श्रीकृष्ण जयंती शोभायात्रा में शामिल होने आए प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव के पास भाजपा नेता भी सक्रिय रहे। सिरसागंज से पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता हरिओम यादव, नगर विधायक मनीष असीजा, श्याम सिंह यादव सहित अन्य भाजपा के कई नेता सक्रिय दिखे।
पूरी दमदारी से निकाय चुनाव लड़ेगी प्रसपा
प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव श्रीकृष्ण जयंती शोभायात्रा के शुभारंभ के दौरान कार्यकर्ताओं को आगामी समय में होने वाले निकाय चुनाव की तैयारी करने की हिदायत दे गए। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव पार्टी पूरी दमदारी के साथ लड़ेगी। इसके लिए नगर निगम,नगर पालिका,पंचायतों में वार्डवार टीमों का गठन शुरू कर दिया जाए। संगठन को मजबूत बनाने पर उन्होंने जोर दिया।