आगरा पहुंचे सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने अपने भतीजे और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से सुलह के संकेत दिए हैं। एक व्यक्तिगत कार्यक्रम में आगरा आए सपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह ने कहा है कि यदि हाईकमान कहेगा तो वह निकाय चुनाव में सपा प्रत्याशियों के लिए प्रचार करेंगे।
भतीजे अखिलेश से बातचीत के संबंध में उनका कहना है कि अखिलेश यदि उन्हें बुलाएंगे तो वह उनसे जरूर बातचीत करेंगे। शिवपाल सिंह मंगलवार को एक विवाह समारोह में शिरकत करने आए थे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से हुई बातचीत में गोलमोल जवाब दिए।
नगर निगम के चुनाव में उनके समर्थकों के टिकट काटे जाने पर शिवपाल सिंह ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। कहा कि प्रत्याशियों के चयन के संबंध में उनसे कोई सलाह नहीं ली गई। वहीं, सपा प्रत्याशियों के चुनाव के बारे में कहना था कि हाईकमान कहेगा तो वह प्रचार जरूर करेंगे।