सपा नेता व पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि अखिलेश अगर समझदारी से काम लेते और नेताजी (मुलायम सिंह यादव) को साथ लेकर चलते तो एक बार फिर प्रदेश के मुख्यमंत्री होते। उन्होंने साफ कहा कि उनके नेता आज भी सिर्फ मुलायम सिंह ही हैं।
मंगलवार को वे कांग्रेस के पूर्व विधायक प्रदीप माथुर के नवविवाहित पुत्र-पुत्रवधू को आशीर्वाद देने मथुरा आए थे। इस दौरान पत्रकारों से उन्होंने कहा कि अब अखिलेश सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, उनकी जिम्मेदारी है कि वे सबको साथ लेकर चलें।
अखिलेश यादव के साथ अपने तालमेल के प्रश्न को वे टाल गए। उन्होंने कहा कि वे नेताजी के साथ हैं। पार्टी में कोई जिम्मेदारी निभाने के प्रश्न पर शिवपाल ने कहा कि सपा से विधायक हूं। कोई पद नहीं है।