शिवपाल सिंह यादव, साथ में पार्टी के नेता
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी-लोहिया (प्रसपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने शनिवार को पार्टी की मासिक बैठक में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि नागरिकता कानून लाकर भाजपा ने देश को बांटने का काम किया है। देश में जो हिंसा हो रही है उसके लिए भाजपा ही जिम्मेदार है।
शिवपाल सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं को 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए तैयारियों में जुटने के लिए कहा। उन्होंने जिलाध्यक्ष को निर्देश दिए कि वे विधानसभा अध्यक्ष, विधानसभा प्रभारी व सेक्टर प्रभारियों की इकाइयां शीघ्र गठित करें। प्रत्येक बूथ पर 50 नौजवानों को सक्रिय सदस्य बनाया जाए। जब बूथ मजबूत होगा तो पार्टी भी मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का अधिकारियों पर अंकुश नहीं है। नौकरशाही मनमानी पर उतर आई है। सौ दिन में भाजपा ने जिस भ्रष्टाचार से देश को मुक्त कराने का वादा किया था, वह भ्रष्टाचार 100 गुना बढ़ चुका है।