आगरा। एक नवंबर से शुरू हो रहे 19वें मून स्कूल ओलंपिक की मशाल स्कूलों का भ्रमण करते हुए मंगलवार को शिवालिक कैंब्रिज कॉलेज पहुंची। काॅलेज के क्रीड़ांगन पर मशाल का स्वागत किया गया। खेलों के शुभंकर गिल्लू विद्यार्थियों के आकर्षण का केंद्र रहा। रिया अस्थाना मेमोरियल फाउंडेशन के बैनर तले शुरू होने जा रहे मून स्कूल ओलंपिक खेलों का होस्ट पार्टनर डीपीएस ताज और मीडिया पार्टनर अमर उजाला है।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत गान से हुआ। विद्यालय प्रबंधतंत्र की ओर से जिला ओलंपिक एसोसिएशन सचिव राहुल पालीवाल, मून टीवी निदेशक राजीव दीक्षित, प्रधान संपादक मनीष तिवारी, आयोजन समिति के संयुक्त संयोजक सोमेश दुबे और सदस्य मनोज शर्मा का स्वागत किया गया। मशाल थामकर बच्चों ने पूरे स्कूल परिसर का चक्कर लगाया।
इस दौरान राहुल पालीवाल ने कहा कि जिस प्रकार रामसेतु निर्माण में एक गिलहरी ने अपना योगदान दिया था, उसी तरह हर विद्यार्थी को भी मून ओलंपिक में भाग लेकर अपनी प्रतिभा से इस आयोजन को सफल बनाना चाहिए। आयोजकों की ओर से मून स्कूल ओलंपिक मशाल को शिवालिक ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन एसएस यादव को सौंपते हुए एकता और खेल भावना का संदेश दिया गया। विद्यार्थी शुभंकर, गिल्लू के साथ सेल्फी लेने के लिए आतुर दिखे। इस मौके पर इंस्टीट्यूशंस के वाइस चेयरमैन शिवांग यादव, प्रबंध निदेशक गौरांग यादव, प्रधानाचार्या, मून ओलंपिक कमेटी के पदाधिकारी, शिक्षकगण और विद्यार्थी मौजूद रहे।