नूरी गेट निवासी शांति सिंघल दुनिया से भले ही विदा हो गई, लेकिन समाज की भलाई के लिए उनका अनूठा दान सराहनीय है। उनके देहदान से एसएन मेडिकल कालेज के भावी डाक्टरों को पढ़ाई में बड़ी सहूलियत मिलेगी।
चिकित्सकीय पढ़ाई के लिए उनके परिवारीजनों ने शांति देवी का पार्थिव शरीर एसएन कालेज को दान कर दिया। इसकी लिखित सहमति मृतका के बेटे डा. विजय सिंघल और पति रमेश चंद्र सिंघल ने प्राचार्य डा. सरोज सिंह और एनाटमी विभागाध्यक्ष डा. वसुंधरा कुलश्रेष्ठ को सौंपी। परिजनों ने बताया उनका सोमवार को देहावसान हो गया था। मृत्यु से पूर्व उन्होंने देहदान की इच्छा जताई थी। आगरा विकास मंच अध्यक्ष अशोक जैन सीए ने कहा कि मंच और क्षेत्र बजाजा कमेटी के साझा प्रयास से अभी तक 16 देहदान और 800 नेत्रदान करा चुके हैं। प्रदेश में आगरा पहले स्थान पर है। अब यहां से अन्य मेडिकल कालेजों को भी शव उपलब्ध कराया जा रहा है। क्षेत्र बजाजा कमेटी अध्यक्ष सुनील विकल ने अभियान को गति देने के लिए देहदान की अपील की। राजकुमार जैन, पंकज अग्रवाल, डा. दीपक गोयल, संदेश जैन, डा. सुनील शर्मा, विपिन अमरनाथ रहे।