आगरा। राजा रामकुमार भार्गव स्मृति यूपी स्टेट सीनियर छह रेड स्नूकर चैंपियनशिप के छठे दिन बुधवार को रोमांचक मुकाबले खेले गए। मुरादाबाद के शंकर सैनी ने पिछले वर्ष के चैंपियन शिकोहाबाद के प्रतीक चौधरी को 5-4 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। वहीं, अन्य खिलाड़ियों ने भी अगले दौर में जगह बनाने के लिए दमदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन बृहस्पतिवार को सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। बिलियर्ड्स-स्नूकर एसोसिएशन के महासचिव विवेक अग्रवाल ने बताया कि प्रयागराज के विनायक अग्रवाल ने मुरादाबाद के आकाश तिवारी को 5-0, रामपुर के खान महफज अंजुम ने अलीगढ़ के अदीब मुस्तफा को 5-3 और लखनऊ के अक्षय कुमार ने आगरा के आकाश शर्मा को 5-1 से हराया। इसके अलावा प्रयागराज के आमिर रईस ने अलीगढ़ के मोहम्मद अरबाज को 5-4, मेरठ के शाहजेब सैफी ने प्रयागराज के अफजल कुरैशी को 5-1 और लखनऊ के आयुष मित्तल ने रामपुर के फराज खान को 5-0 से शिकस्त देकर अगले दौर में प्रवेश किया।