भगवान श्रीकृष्ण की लीला भूमि मथुरा में कोसीकलां के निकट शनिधाम कोकिलावन का विकास अब तीर्थ स्थल के रूप में होने जा रहा है। इसके लिए ब्रज तीर्थ विकास परिषद के प्रस्ताव को पीएफएडी ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। 836 लाख रुपये की लागत वाले विकास कार्यों को शासन की स्वीकृति मिलना बाकी है।
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने कोसीकलां के समीप कोकिलावन में शनिधाम को तीर्थ स्थल के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा था। 836 लाख रुपये के इस प्रस्ताव में कोसीकलां-नंदगांव मार्ग से कोकलावन को जोड़ने वाले मार्ग पर सोलर लाइट तथा कोकिलावन परिक्रमा में सोलर लाइट और कोकलावन परिक्रमा का विकास शामिल है।
यह गोवर्धन परिक्रमा की तर्ज पर तैयार की जाएगी। यहां वाहनों के लिए पक्के परिक्रमा मार्ग और कच्ची परिक्रमा का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा टॉयलेट आदि सुविधाएं भी प्रस्तावित की गई हैं। इस प्रस्तावित योजना को शासन स्तर पर गठित पीएफएडी ने अनुमोदित कर दिया है। अब शासन की स्वीकृति मिलना बाकी है।