टीनशेड में दो घंटे तक दबे रहे दंपती
- फोटो : संवाद
आगरा के अछनेरा में बारिश के कारण क्षेत्र के रायभा गांव में बृहस्पतिवार की सुबह करीब 3 बजे टीनशेड गिर गया। कमरे में सो रहे दंपती बबलू और पत्नी रुखसाना मलबे में दब गए। करीब दो घंटे तक पति-पत्नी मलबे में दबे रहे और चीख-पुकार करते रहे, लेकिन अंधेरा होने के कारण किसी को भनक नहीं लगी। सुबह करीब 5 बजे ग्रामीणों ने उनकी आवाजें सुनीं। इसके बाद उन्हें निकाला गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। परिजन ने घायल दंपती को पहले निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हालत नाजुक देखते हुए उन्हें सीएचसी अछनेरा लाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। गनीमत रही कि हादसे के समय दंपती के बच्चे घर पर मौजूद नहीं थे। बच्चे रिश्तेदार के घर गए हुए थे। ग्रामीणों ने बताया कि छत काफी समय से जर्जर हालत में थी। बारिश के कारण गिर गई। ग्रामीणों ने प्रभावित परिवार को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है।