आगरा के खंदौली क्षेत्र के गांव में एक मासूम बालिका के साथ पड़ोसी युवक ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। मासूम के पिता ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस आरोपी युवक की तलाश में दबिश देने गई लेकिन युवक घर से फरार हो गया।
खंदौली क्षेत्र के एक गांव की निवासी चार वर्षीय बालिका मंगलवार दोपहर अपने घर के बाहर खेल रही थी। तभी पड़ोसी अरुण उसके पास गया और टॉफी दिलाने के बहाने बालिका को खेत पर ले गया। यहां उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी युवक मासूम को खेत पर ही छोड़कर भाग गया। देर शाम जब बालिका घर पहुंची और अपनी मां को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने युवक को घर बुलाकर उससे पूछताछ की। लेकिन बालिका के साथ घिनौनी हरकत की बात को नहीं कुबूला। इसके बाद मंगलवार रात पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। देर रात पिता ने अरुण के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी युवक की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।