आगरा में बंद करने के आदेश के अगले दिन फतेहाबाद और फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में कई गैर मान्यता प्राप्त स्कूल संचालित मिले। बेसिक शिक्षा विभाग ने 58 स्कूलों पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है और अब वहां पढ़ रहे बच्चों को आसपास के मान्यता प्राप्त स्कूलों में शिफ्ट करने की तैयारी है।
बेसिक शिक्षा विभाग के 58 गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों को तत्काल बंद कराने के आदेश के अगले दिन ही हवा निकल गई। फतेहाबाद और फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में आदेश के बावजूद कई स्कूल संचालित मिले। इनमें पड़ताल में फतेहाबाद के प्रयाग देवी इंटर कॉलेज और एलएस डिफेंस स्कूल, जबकि फतेहपुर सीकरी के श्री रामशरण पब्लिक स्कूल, तेहरा रावत और श्रीराम बाल विद्या मंदिर संचालित मिला।
विज्ञापन
स्कूल संचालकों से बातचीत की तो बताया कि मान्यता का प्रोसेस चल रहा है तो किसी ने मान्यता होने का दावा किया। फतेहपुर सीकरी के तेहरा रावत स्थित श्री रामशरण पब्लिक स्कूल के प्रबंधक मुन्नीलाल कुशवाहा ने बताया कि विद्यालय का पुराना भवन क्षतिग्रस्त होने के कारण करीब 200 मीटर दूर दूसरे भवन में स्कूल संचालित किया जा रहा है। विद्यालय की मान्यता समेत अन्य सभी अभिलेख पूरे बताए। 7 सितंबर को बीएसए ने जिले में बिना मान्यता संचालित 58 स्कूलों पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया था। संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों को इन स्कूलों का संचालन तत्काल बंद कराने के निर्देश दिए गए हैं।
विद्यार्थियों को पास के स्कूलों में किया जाएगा ट्रांसफर
बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राकेश सिंह ने बताया कि स्कूलों को तत्काल बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। इन स्कूलों में पढ़ रहे बच्चों को आसपास के मान्यता प्राप्त स्कूलों में शिफ्ट करने की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए विभाग तैयारी कर रहा है।