मैनपुरी। ईशन नदी पुल के पास बना सीवर लाइन का पंपिंग स्टेशन खराब होने से गंदा पानी नदी में जा रहा है। अमर उजाला ने 18 मई के अंक में प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया था। खबर का संज्ञान लेते हुए नगर पालिका प्रशासन ने पंपिंग स्टेशन की मरम्मत का काम शुरू करा दिया है। तीन दिन में पंपिंग स्टेशन चालू होने की बात कही जा रही है।
शहर के मोहल्ला नगला पजाबा, गोला बाजार, नगला कीरत, हिंदपुरम, संसारपुर, आजाद नगर, कांशीराम कॉलोनी, ऑफिसर्स कॉलोनी आदि से आने वाले सीवर को सीवर प्लांट तक पहुंचाने के लिए ईशन नदी के पास एक पंप लगाया गया है। पंप सीवर का गंदा पानी प्रेशर कर सीवर प्लांट तक भेजती है, लेकिन पिछले छह महीने से इस पंप का मोटर खराब होने के कारण पंपिंग स्टेशन बंद था। बिना ट्रीटमेंट के सीवर का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर नदी में जाने से नदी दूषित हो रही है। वहीं दूसरी तरफ सीवर लाइन कई जगह चोक हो रही है। रविवार को पंप को ठीक करने के लिए सामान और मिस्त्री भेज दिया गया।
- ईशन नदी के किनारे खराब पंप को ठीक कराने का कार्य शुरू कर दिया गया है। तीन दिन के अंदर पंप पूरी तरह से काम करना शुरू कर देगी। - मनोरमा देवी, चेयरमैन।