आगरा में कोरियर कंपनी के कर्मचारी से हाथीघाट पर दो मार्च को हुई 35 लाख रुपये की लूट गुजरात में बैठे युवक ने हाथरस के गिरोह से कराई थी। साजिश से लेकर वारदात करने तक 11 बदमाश शामिल रहे।
इनमें से सात को गिरफ्तार कर पुलिस ने पर्दाफाश होने का दावा किया है। इनके पास से 2.17 लाख रुपया कैश और तीन बाइक बरामद की गई हैं। इनके चार साथियों की तलाश में पुलिस ने दबिश दी लेकिन वे मिले नहीं।
गुजरात के मेहसाणा की कोरियर कंपनी आर जीतू एंड कंपनी के कर्मचारी प्रकाश पटेल से यह लूट हुई थी। उनकी जैकेट, पर्स, बैग लूट लिए गए थे। पुलिस ने छह घंटे बाद केस दर्ज किया था।
ये आरोपी पकड़े गए
गिरफ्तार आरोपियों में गुलाबनगर नरायच का सुरेश सेंगर, एटा के जलेसर के गांव साथा नवीपुर का पवन, जलेसर की ही नई कॉलोनी, स्टेशन रोड का ऋषि कुमार, हाथरस के सहपऊ के उद्यैना नगरिया का घनश्याम, सहपऊ के नगला जलेम का दीवान सिंह उर्फ छोटू, गली नंबर एक, उत्तर फिरोजाबाद का आकाश, एटा के अवागढ़ का मनीष उर्फ मनोज हैं।
पुलिस ने बताया कि मेहसाणा का ही एक व्यक्ति इस कंपनी के बारे में जानता है। उसे यह मालूम था कि कंपनी आगरा में काम कर रही है और मोटा कैश इधर से उधर ले जाया जाता है। उसने पहले रेकी कराई।
युवक का एक परिचित हाथरस में है। उसकी मदद से वह गिरोह के संपर्क में आया। एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि लूट की रकम 11 लोगों में बंटी। इसमें से ही 2.17 लाख बरामद किए गए हैं। लूट की रकम से ही बाइक खरीदी गई थी।
लुटेरों से बचने के लिए जैकेट में रखी थी रकम, उसे भी लूट ले गए
कोरियर कंपनी के कर्मचारी प्रकाश पटेल को डर रहता था कि किसी दिन लूट न हो जाए। वो मोटी रकम ले जाता है। उसने लुटेरों से बचने के लिए रकम जैकेट में रखी थी। बैग में सिर्फ 15 हजार रुपये थे। बदमाशों ने पूरी रेकी कराई थी। यह भी मालूम कर लिया था कि रकम जीतू की जैकेट में है, इसलिए इसे भी उतरवा ले गए थे।
सीसीटीवी फुटेज से मिले सुराग
पुलिस शुरू में इस घटना को संदेह की नजर से देख रही थी। तहरीर में लूटी गई रकम का जिक्र नहीं था। कर्मचारी से पूरा ब्योरा लिया गया। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। एक फुटेज में दो बाइकों पर चार बदमाश नजर आ गए। उनकी पहचान कराई गई। इसी से सुराग मिला और केस खुलता चला गया।