गोवा में सोमवार से तीन फरवरी तक होने वाली वेटरंस नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप में प्रतिभाग करने के लिए उत्तर प्रदेश की टीम में आगरा के सात खिलाड़ी खेलते दिखेंगे। यूपी की टीम में आगरा के विभिन्न आयु वर्गों में आगरा के सर्वाधिक खिलाड़ी शामिल किए गए हैं।
जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष विनोद शीतलानी ने बताया कि यूपी टीम का नेतृत्व आगरा बैडमिंटन संघ के कोषाध्यक्ष आसिफ अली कर रहे हैं। आसिफ अली के अलावा यूपी की टीम में आगरा के बेटरंस बैडमिंटन खिलाड़ी राहुल पालीवाल, यश मेहता, नीरज जैन, दिनकर खनूजा, राहुल गोगिया, सुमित कपूर और अजय महाजन को भी शामिल किया गया है।
आगरा में आयोजित हुई उत्तर प्रदेश वेटरंस बैडमिंटन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन के आधार पर इन खिलाड़ियों को टीम में स्थान मिला। जिला बैडमिंटन संघ के निदेशक केसी श्रीवास्तव, निश्चल जैन, आरके सिंह, संजय कालरा, चंदर दौलतानी, श्रवण सिंह ने हर्ष प्रकट किया है।
जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष ने बताया कि यूपी वेटरंस बैडमिंटन टीम में ताजनगरी के सात खिलाड़ियों को स्थान मिलना शहर के लिए गौरव की बात है। उम्मीद है कि यूपी की टीम गोवा में शुरू हुई चैंपियनशिप में मेडल जीतकर लाएगी।