मैनपुरी में बीमारियों का प्रकोप बढ़ रहा है। अलग-अलग क्षेत्रों में पिछले 24 घंटे में सात लोगों की मौत हो गई। इनमें एक की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि छह ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। हार्टअटैक, अस्थमा और पेटदर्द से तीन मरीजों की मौत हुई, जबकि एक की दवा का ओवरडोज लेने से मौत हो गई।
दन्नाहार थाना क्षेत्र के गांव रठेरा निवासी सेवानिवृत्त दरोगा भुजवीर सिंह (66) को सोमवार की सुबह चार बजे दिल का दौरा पड़ा। परिजन उन्हें उपचार के लिए आगरा ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। कस्बा भोगांव निवासी 50 वर्षीय संतोष को भी सोमवार को हार्टअटैक पड़ा। परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
भोगांव के मोहल्ला प्रेम चिरैया निवासी 65 वर्षीय अब्दुल समीर पिछले कुछ दिनों से अस्थमा से पीड़ित थे। सोमवार को उनकी हालत बिगड़ी। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।