फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: 'प्रदेश में बनेंगे सात नए एक्सप्रेस-वे', औद्योगिक विकास मंत्री का बड़ा एलान; कारोबारियों को मिलेगी ये राहत

Fri, 07 Nov 2025 08:33 PM IST
अरुन पाराशर संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा

सार

उत्तर प्रदेश में उद्यम लगाने की प्रक्रिया को आसान बनाया जाएगा। इसके लिए वन प्लेटफार्म-वन क्लियरेंस की दिशा में कार्य करते हुए गुजरात की तर्ज पर प्रदेश में सिंगल विंडो सिस्टम एक्ट लागू होगा। साथ ही प्रदेश में सात नए एक्सप्रेस-वे भी बनाए जाएंगे।
 
विज्ञापन
मीट एट आगरा का शुभारंभ करते हुए औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देश और प्रदेश की तरक्की के लिए डबल इंजन की सरकार पूरी ताकत से कार्य कर रही है। प्रदेश में सात नए एक्सप्रेस-वे बनाए जाएंगे। उद्यमियों की विभागों की एनओसी समेत तमाम समस्याओं को दूर करने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम एक्ट भी बनाया जा रहा है। इससे उद्यम लगाना और कारोबार करना आसान हो जाएगा। ये बातें आगरा फुटवियर मैन्युफैक्चरिंग एंड एक्सपोर्टर्स चैंबर (एफमेक) के सींगना स्थित आगरा ट्रेड सेंटर में मीट एट आगरा का शुभारंभ करते हुए औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहीं। उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से समय मांगा है।
विज्ञापन


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि औद्योगिक विकास मंत्री ने कहा कि पूरे देश के एक्सप्रेस-वे में 37.7 फीसदी उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी है। आने वाले वर्षों में इसे 50 फीसदी करने का लक्ष्य है। इसके लिए सात नए एक्सप्रेस-वे बनने जा रहे हैं। इनके आसपास निवेशकों को सस्ती दर पर जमीन और संसाधन उपलब्ध कराएंगे। इससे प्रदेश में निवेश और युवाओं के लिए रोजगार बढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि अभी उद्यम लगाने के लिए कई विभागों की एनओसी लेने के लिए लंबी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। वन प्लेटफार्म-वन क्लियरेंस की दिशा में कार्य करते हुए गुजरात की तर्ज पर प्रदेश में सिंगल विंडो सिस्टम एक्ट लागू करेंगे। इसकी रूपरेखा बन रही है। इसमें सभी विभागों की जिम्मेदारी तय होगी। उद्यमी द्वारा एक ही बार प्रोजेक्ट संबंधी फाइल प्रस्तुत करने के बाद इसी विंडो से संबंधित सभी विभाग जानकारी साझा करेंगे। तय समय पर एनओसी देनी होगी, कोई कमी या सुझाव को लिखित में बताना होगा। हीलाहवाली करने पर कार्रवाई होगी। इससे निवेशकों को विभागों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। प्रोजेक्ट लगाने में देरी नहीं होगी।
विज्ञापन

 

मंत्री ने बताया कि प्रदेश में निवेश बढ़ाने, व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए 18 नवंबर को केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के साथ बैठक होने जा रही है। देश में दुनिया का 13 फीसदी जूता बनता है, लेकिन निर्यात महज 2.2 फीसदी है। इसे बढ़ाने के लिए ग्लोबल फुटवियर फैक्टरी के तौर पर देश को विकसित करेंगे। इसके लिए प्रदेश में फुटवियर पार्क, लेदर क्लस्टर्स, स्किल डेवलपमेंट सेंटर भी बनाने की योजना है।

टीटीजेड मामले पर उन्होंने उद्यमियों से सुझाव मांगते हुए भरोसा दिया कि सुप्रीम कोर्ट में सरकार पैरवी में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि 2017 में लखनऊ और बनारस में ही एयरपोर्ट थे और केवल 24 उड़ानें थीं। अब यूपी 16 घरेलू और 5 इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाला देश का पहला प्रदेश बनने वाला है।

 
विज्ञापन

मीट एट आगरा में आए 2871 उद्यमी
तीन दिवसीय मीट एट आगरा में नई मशीनें, उपकरण, चमड़ा, सिंथेटिक, सोल, फुटबेड समेत अन्य कंपोनेंट की 253 स्टॉल लगे हैं। इसमें जूता-चप्पल, बैग, सजावटी सामान, सीट कवर, जैकेट समेत कई तरह की उत्पाद भी प्रदर्शित किए गए। पहले दिन 2871 उद्यमी आए। स्टॉलों पर जाकर उत्पाद, उपकरणों की जानकारी करते हुए बुकिंग भी कराई। 5254 विजिटर और 840 छात्र-छात्राओं ने भ्रमण करते हुए उद्योग, बाजार और स्वरोजगार के अवसर देखे। 

विशिष्ट अतिथि चर्म निर्यात परिषद के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार जालान ने कहा कि आगरा में बीते तीन साल से 3800 करोड़ रुपये के कारोबार और 2.54 करोड़ जोड़ी जूते तैयार किए जा रहे हैं। इसे बढ़ाने के लिए ईको सिस्टम और विदेशियों से नई तकनीक-डिजाइन के प्रशिक्षण की जरूरत है। संचालन डॉ. तरुण शर्मा ने किया। मेले में उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, एफमेक के महासचिव प्रदीप वासन, उपाध्यक्ष राजेश सहगल, राजीव वासन, कैप्टन एएस राणा, कुलबीर सिंह, चंद्रमोहन सचदेवा आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें-UP: हाॅस्पिटल कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थिति में माैत, परिजनों ने शव रखकर किया हंगामा
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें